मीनाक्षी-आनंद के बढ़े वजन:आलोक-झरना के कम किए महकमे
शासन में अभी और होंगे फेरबदल:सेंथिल को मिलना है काम
Chetan Gurung
IAS-PCS अफसरों के तबादलों में आज नए मुख्य सचिव ओमप्रकाश की सोच और कार्यशैली की झलक नहीं दिखी। कहने को 5 IAS-5 PCS समेत 14 अफसर फेरबदल में प्रभावित हुए, लेकिन इनमें एक भी फैसला ऐसा नहीं दिखा, जो नई कार्य संस्कृति की तरफ ईशारा करें।

सिर्फ PCS झरना कमठान से निदेशक (प्रशिक्षण-तकनीकी शिक्षा) हटाया जाना खास कहा जा सकता है। दोनों ज़िम्मेदारी उनको कुछ दिनों पहले ही फेरबदल में सौंपे गए थे। इतनी जल्दी उनसे ये महकमे क्यों वापिस ले लिए गए, ये साफ नहीं हैं। विदेश से लौटे आईएएस अफसर आर राजेश कुमार को ये दोनों महकमों के साथ ही अपर सचिव तकनीकी शिक्षा-सेवायोजन और सूचना प्रौद्योगिकी सौंपे गए हैं। उनकी वरिष्ठता को देखते हुए उनको बहुत ही हल्का काम सौंपा गया है। वह 2007 बैच के हैं।

सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम को DG (माध्यमिक शिक्षा) भी दे दिया है। सचिव एसए मुरुगेशन से ऑडिट हटा दिया गया है। अपर सचिव अहमद इकबाल से कौशल विकास-सेवायोजन हटा के उनको वित्त दे दिया है। अपर सचिव आनंद स्वरूप से आयुष हटाया गया है, लेकिन दिया कुछ नहीं। PCS आलोक पांडे से DG (शिक्षा) हटा दिया गया है। उनके पास अब नाम मात्र के कम अहम महकमे रह गए हैं। उदयराज को सिंचाई और लघु सिंचाई का भी अपर सचिव बनाया गया है।
आनंद श्रीवास्तव के पास राजस्व पहले से था। अब उनको परिवहन और आपदा प्रबंधन के अपर सचिव का जिम्मा भी मिला है। सचिवालय सेवा के भी पाँच अफसरों के महकमे कम-ज्यादा किए गए हैं। तबादलों को देख के कहीं से नहीं लगा कि इनमें नए मुख्य सचिव की कार्य योजना के हिसाब से अफसरों को अहम काम दिए गए हैं या फिर किसी को पैदल सोच-समझ के किया गया है। फेरबदल सामान्य किस्म के नजर आ रहे हैं।
उम्मीद तो ये थी कि पहले ही फेरबदल में ओमप्रकाश अपनी कार्य संस्कृति में फिट बैठने वाले नौकरशाहों को तवज्जो देंगे। जो साफ तौर पर दिखाई भी देगा। ये साफ नहीं हो रहा है कि मुख्य सचिव अपने पास के तकनीकी शिक्षा और खनन महकमे रखेंगे या छोड़ेंगे। सचिव सेंथिल पंडियन भी विदेश से लौट आए हैं। उनको भी बेहतर और बड़े महकमे मिलने की उम्मीद जताई जा रही थी। अब ये सब अगली सूची में ही हो पाएगा।