
देहरादून: मध्य एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर दुनिया भर के ऊर्जा बाजार पर देखने को मिल रहा है। भारत में भी हाल ही में एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद लोगों के बीच गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है। कई जगहों पर ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कतों और सिलेंडर मिलने में देरी की खबरों ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
हालांकि देहरादून प्रशासन और गैस एजेंसियों ने इन आशंकाओं को खारिज करते हुए साफ कहा है कि राज्य में एलपीजी, पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी तरह की किल्लत नहीं है।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
इस मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और सरकार की नीतियों का असर अब आम जनता पर दिखने लगा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कतें आ रही हैं, जिससे लोगों में डर और असमंजस की स्थिति बन गई है।
कांग्रेस का यह भी कहना है कि सिलेंडर बुकिंग की समय-सीमा 14 दिन से बढ़ाकर 25 दिन किए जाने से मध्यमवर्गीय परिवारों को परेशानी हो रही है। इसके अलावा छोटे रेस्टोरेंट और ढाबों पर भी इसका असर पड़ रहा है और कई व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने आरोपों को बताया निराधार
देहरादून के जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राज्य में गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है।
उन्होंने बताया कि वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए विभाग लगातार गैस आपूर्ति की मॉनिटरिंग कर रहा है और ऑयल कंपनियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें भी की जा रही हैं।
उनके अनुसार राजधानी देहरादून में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को किसी तरह की घबराहट में आने की जरूरत नहीं है।
प्राथमिकता के आधार पर हो रही आपूर्ति
जिला पूर्ति अधिकारी के मुताबिक घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति 25 दिनों के भीतर सामान्य रूप से की जा रही है। वहीं कमर्शियल कनेक्शन के मामले में सरकार ने प्राथमिकताएं तय की हैं।
उन्होंने बताया कि हॉस्पिटल और स्कूल जैसे जरूरी संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस की आपूर्ति की जा रही है।
ऑनलाइन बुकिंग में आने वाली तकनीकी दिक्कतों को लेकर उन्होंने कहा कि इन पोर्टल की निगरानी भारत सरकार द्वारा की जाती है और यदि कहीं समस्या है तो उसे सरकार के संज्ञान में लाया जाएगा।
बीजेपी ने भी किया सरकार का बचाव
इस पूरे मुद्दे पर बीजेपी प्रवक्ता जीपेंद्र कुँवर ने कहा कि राज्य में गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है और जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि अगर कहीं कोई तकनीकी या स्थानीय समस्या सामने आती है तो उसे तुरंत ठीक करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गैस एजेंसी ने भी अफवाहों को बताया गलत
देहरादून की हिमानी गैस एजेंसी के मैनेजर अनिल कुमार रतूड़ी ने भी साफ किया कि शहर में गैस सिलेंडरों की किसी प्रकार की कमी नहीं है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट से बचें।


