
देहरादून: यूनाइटेड किंगडम (UK) में हिरासत में लिए गए उत्तराखंड के निवासी कैप्टन अजय पंत के मामले में एक बड़ी और राहत भरी अपडेट सामने आई है। इस पूरे मामले में लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग लगातार बेहद सक्रिय भूमिका निभा रहा है। यह तेजी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष अनुरोध और उत्तराखंड सरकार के निरंतर प्रयासों के बाद आई है।
उच्चायोग ने मुख्यमंत्री को भेजी विस्तृत रिपोर्ट
भारत के लंदन स्थित उच्चायोग ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस संवेदनशील मामले से जुड़ी एक विस्तृत रिपोर्ट भेजी है। जानकारी के मुताबिक, कैप्टन अजय पंत वर्तमान में एचएमपी विनचेस्टर (HMP Winchester) में न्यायिक हिरासत में हैं।
राहत की बात यह है कि 19 जून 2026 को उच्चायोग ने जेल की टेलीफोन सुविधा के जरिए सीधे कैप्टन पंत से संपर्क साधा। इस बातचीत के दौरान कैप्टन पंत ने खुद को पूरी तरह स्वस्थ बताया है। उन्होंने पुष्टि की कि जेल प्रशासन की ओर से उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं और वे अपनी पत्नी के साथ भी नियमित रूप से संपर्क में हैं।
यूके सरकार (FCDO) के समक्ष भी उठा मामला
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय उच्चायोग ने इसे यूनाइटेड किंगडम के विदेश, राष्ट्रमंडल एवं विकास कार्यालय (FCDO) के समक्ष भी प्रमुखता से उठाया है। इसका सीधा उद्देश्य कैप्टन पंत को समय पर कांसुलर (राजनयिक) सहायता दिलाना और उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य व कानूनी अधिकारों का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित करना है।
परिवार और कंपनी से लगातार संवाद
भारतीय उच्चायोग केवल कागजी कार्रवाई नहीं कर रहा, बल्कि जमीन पर भी हर कड़ियाँ जोड़ रहा है। उच्चायोग कैप्टन अजय पंत की पत्नी, उनके नियोक्ता (Employer) एनर्जियोस मैरीटाइम प्राइवेट लिमिटेड, उनके कानूनी वकीलों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ लगातार संवाद में है। कंपनी ने भी भरोसा दिलाया है कि वे कैप्टन पंत को मजबूत कानूनी मदद और उनके परिवार को हरसंभव सहयोग देना जारी रखेंगे।
अगली सुनवाई 16 जुलाई 2026 को
अदालत में पेश किए जाने के बाद कैप्टन अजय पंत को अभी न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। अब इस कानूनी प्रक्रिया की अगली सुनवाई 16 जुलाई 2026 को होनी तय हुई है। उच्चायोग ने स्पष्ट किया है कि उनकी टीम हर पल इस मामले पर नजर रखे हुए है और आगे भी जरूरी राजनयिक मदद देती रहेगी।
नागरिकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता: सीएम धामी
इस पूरे घटनाक्रम पर संवेदनशीलता जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार देश हो या विदेश, अपने नागरिकों के हितों और उनकी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार इस मामले में भारत सरकार, विदेश मंत्रालय और भारतीय उच्चायोग के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। सीएम धामी ने विश्वास जताया कि सभी एजेंसियां मिलकर कैप्टन अजय पंत को हर जरूरी कानूनी और मानवीय सहायता उपलब्ध कराएंगी।



