
श्रीनगर गढ़वाल: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में रविवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यवाहक कुलपति प्रो. एनएस पंवार ने अभियान का उद्घाटन किया। इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत विश्वविद्यालय में तिरंगा रैली, बाइक रैली, क्विज प्रतियोगिता, रंगोली और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, खेलकूद गतिविधियां और देशभक्ति संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों की भागीदारी रहेगी।
अभियान के नोडल अधिकारी प्रो. महाबीर सिंह नेगी ने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 12 अगस्त को चौरास परिसर और 15 अगस्त को बिड़ला परिसर में सुबह 7:30 बजे तिरंगा रैली निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों और आम लोगों को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को क्विज और खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ तिरंगा बाइक रैली आयोजित की जाएगी। वहीं, 14 अगस्त को रंगोली, पोस्टर मेकिंग और देशभक्ति संगीत कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और देश के प्रति जिम्मेदारियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी ने अभियान को सफल बनाने के लिए विश्वविद्यालय परिवार से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का अवसर है।
वहीं, छात्रसंघ अध्यक्ष महिपाल बिष्ट ने भी विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं से अभियान के तहत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से अभियान को और व्यापक बनाया जा सकता है।
गढ़वाल विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों को लेकर विद्यार्थियों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। तिरंगा रैली और अन्य प्रतियोगिताओं के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति का माहौल बनाने की तैयारी है। विश्वविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को अभियान से जोड़कर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
रिपोर्ट: भगवान सिंह, श्रीनगर गढ़वाल


