
उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में आज बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की अहम बैठक आयोजित होने जा रही है। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे, जबकि राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष भी इसमें मौजूद रहेंगे। इस बैठक में प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और कोर कमेटी के सदस्य शामिल होंगे। बैठक को लेकर भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि पार्टी समय-समय पर संगठनात्मक बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करती है। उन्होंने बताया कि इन बैठकों का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाना तथा आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करना होता है। कुंदन परिहार के अनुसार, आज शाम छह बजे दिल्ली में होने वाली इस बैठक में पिछले दिनों संगठन द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आने वाले समय में पार्टी के कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और संगठन विस्तार को लेकर भी विस्तृत चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अधिकतम सीटों पर जीत हासिल करना है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में उन विधानसभा सीटों पर भी विशेष मंथन होगा, जहां पिछले चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। इन सीटों पर हार के कारणों का विश्लेषण किया जाएगा और उन्हें दोबारा जीतने के लिए नई रणनीति तैयार की जाएगी। इसके अलावा बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी चर्चा होने की संभावना है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 के चुनाव में अभी समय जरूर है, लेकिन भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियों को समय से पहले शुरू कर संगठनात्मक मजबूती पर जोर देना शुरू कर दिया है। ऐसे में दिल्ली में होने वाली यह कोर कमेटी की बैठक आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है। अब सभी की नजर इस बैठक के नतीजों और उससे निकलने वाले फैसलों पर रहेगी, जो आने वाले दिनों में उत्तराखंड की राजनीति की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। बाइट: कुंदन परिहार, प्रदेश महामंत्री, भाजपा