Uttarakhand

रिश्वतखोरी पर बड़ी कार्रवाई: बीडीओ ऑफिस का अकाउंटेंट 15 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार…..

अल्मोड़ा जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। विकास खंड लमगड़ा के ब्लॉक कार्यालय में तैनात अकाउंटेंट हर सिंह बिष्ट (उर्फ हरीश सिंह बिष्ट) को सतर्कता टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति को शौचालय निर्माण कार्य के तहत 3 लाख रुपये का टेंडर मिला था। लेकिन इस टेंडर से जुड़ी एफडीआर (FDR) को रिलीज कराने के लिए अकाउंटेंट लगातार उससे पैसों की मांग कर रहा था। आरोप है कि बिना रिश्वत दिए फाइल आगे बढ़ाने से साफ इनकार कर दिया गया था, जिससे शिकायतकर्ता काफी परेशान हो गया।

आखिरकार तंग आकर उसने सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी से शिकायत की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने पूरी योजना के तहत जाल बिछाया। मंगलवार, 8 अप्रैल 2026 को ब्लॉक कार्यालय लमगड़ा में ट्रैप ऑपरेशन चलाया गया।

जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत के रूप में लिए, सतर्कता टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हर सिंह बिष्ट, बहादुर सिंह बिष्ट के पुत्र, वर्तमान में लेखाकार पद पर तैनात थे। वे अल्मोड़ा के चीनाखान क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

इस कार्रवाई से साफ संदेश जाता है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रशासन अब सख्त रुख अपना चुका है और दोषियों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button