
उत्तराखंड । राजधानी देहरादून से एक सनसनीखेज़ खबर सामने आई जहाँ श्री गुरु राम राय मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाली छात्र डॉ. तनवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक तनवी के पिता ने इस पूरे मामले में कॉलेज की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका गुप्ता पर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला ?
देहरादून स्थित श्री गुरु राम राय मेडिकल कॉलेज में एमएस ऑप्थैल्मोलॉजी की छात्रा डॉ. तनवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तनवी सड़क के किनारे खड़ी अपनी गाड़ी में अचेत मिली। परिजनों ने गाड़ी का शीशा तोड़कर उन्हें बहार निकला और नज़दीकी अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस पूरे मामले में तनवी के पिता डॉ. ललित मोहन, निवासी मॉडल टाउन अंबाला सिटी (हरियाणा), ने कॉलेज की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका गुप्ता पर मानसिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगते हुए पटेलनगर कोतवाली में शिकायत की जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कॉलेज में मानसिक तनाव
मृतक के पिता के अनुसार तनवी सितंबर 2023 से एमएस (नेत्र रोग) की पढ़ाई कर रहीं थी मगर पिछले कुछ महीनों से वो तनाव में थीं। शिकायत के अनुसार दिसंबर 2025 में विभागाध्यक्ष बदले गए जिसके बाद से ही तनवी की लॉग बुक में कम अंक दिए जा रहे थे और फेल करने की धमकी भी दी जाती थी , यहाँ तक की फीस जमा होने के बाद भी अतिरिक्त पैसों की मांग की जाती थी।
घटना से पहले की पिता से फोन पर बात
मृतक डॉ. तनवी ने घटना से पहले अपने पिता डॉ. ललित मोहन से फोन पर बात कर अपनी परेशानी बताई और घर आने का मैसेज किया, मगर फिर तनवी का अपने परिजनों से संपर्क टूट गया। परिजन अंबाला से देहरादून पहुंचे और अस्पताल मार्ग पर कार में तनवी को अचेत पाया। कार अंदर से लॉक थी और मृतक के हाथ में कैनुला लगा था कार के अंदर इंजेक्शन से जुड़ी सामग्री भी मिली।
कॉलेज ने क्या कहा ?
SGRR के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र रतूड़ी ने बताया कि छात्रा मानसिक स्वास्थ्य उपचार ले रही थीं और पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थीं।
पुलिस ने क्या कहा ?
पुलिस के अनुसार मृतक के पिता डॉ. ललित मोहन की तहरीर पर डॉ. प्रियंका गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है।



