
रुड़की में हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब महानगर रुड़की (रजि.) के कार्यालय में एक गरिमामय और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर हिंदी पत्रकारिता के जनक युगल किशोर शुक्ल और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व निर्भीक पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास पर चर्चा
कार्यक्रम में वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता के इतिहास और उसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज को दिशा देने का सशक्त माध्यम है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में इसकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे वरिष्ठ किसान नेता सुभाष नम्बरदार ने प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों को शॉल ओढ़ाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं, और उनकी निष्पक्ष व निर्भीक लेखनी समाज को सही दिशा देती है।
प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने रखे विचार
प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रिंस शर्मा और महामंत्री मोनू शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने बीते 200 वर्षों में समाज को जागरूक करने और जनभावनाओं को स्वर देने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उन्होंने पत्रकारों से बदलते समय में भी निष्पक्षता और जिम्मेदारी बनाए रखने की अपील की। क्लब के निदेशक चौधरी अनवर राणा और देशराज पाल ने कहा कि आने वाले वर्षों में हिंदी पत्रकारिता दिवस को और बड़े स्तर पर मनाया जाएगा, जिसमें देशभर की प्रतिष्ठित हस्तियों को आमंत्रित किया जाएगा।
पत्रकारिता को बताया जिम्मेदारी
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अरशद हुसैन और असलम अंसारी ने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने युवा पत्रकारों से ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ काम करने का आह्वान किया।निदेशक प्रवेज आलम और संदीप चौधरी ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होना देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम का सफल संचालन
कार्यक्रम का संचालन क्लब के उपाध्यक्ष आरिफ नियाजी ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, पत्रकारों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दिन पत्रकारिता के मूल्यों को याद करने और उन्हें आगे बढ़ाने का अवसर है। इस दौरान नरेंद्र कुमार, संदीप कश्यप, श्याम सुंदर, दीक्षा गुप्ता, विशाल शर्मा सहित प्रेस क्लब के कई सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



