Haryana

Haryana: मरीजों को मिलेगी राहत, 450 नए डॉक्टरों की होगी नियुक्तियां, सीएम ने दी मंजूरी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डॉक्टरों के खाली पदों पर नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। अब स्वास्थ्य विभाग जल्द से जल्द इन डॉक्टरों की नियुक्तियां करेगा। 

हरियाणा में जल्द ही 450 नए डॉक्टरों की नियुक्ति होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डॉक्टरों के खाली पदों पर नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। अब स्वास्थ्य विभाग जल्द से जल्द इन डॉक्टरों की नियुक्तियां करेगा। इनमें विशेषज्ञ डॉक्टर और मेडिकल ऑफिसर होंगे। हरियाणा सरकार ने पिछले साल ही 777 डॉक्टरों की नियुक्ति निकाली थी। इनमें अधिकतर पदों पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से नियुक्तियां कर दी गई थीं। 

इन डॉक्टरों के आने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। उल्लेखनीय है कि राज्य के कई अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद खाली पड़े हैं, जिससे मरीजों को परेशानी आ रही है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वास्थ्य विभाग के साथ समीक्षा बैठक की थी, जिसमें उन्होंने खाली पदों का ब्योरा मांगा था। बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ के जल्द से जल्द पद भरे जाएं।

स्वास्थ्य विभाग के आला अफसरों ने बताया, राज्य में 450 डॉक्टरों के पद खाली है। इस पर सीएम ने कहा- इन पदों को जल्द से जल्द भरा जाए, ताकि मरीजों को कोई दिक्कत न आए। बताया जा रहा है कि सीएम की मंजूरी के बाद स्वास्थ्य विभाग ने खाली पदों पर भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। बहुत जल्द विज्ञापन जारी किया जा सकता है।

जिला अस्पतालों की मरम्मत 15 सितंबर तक पूरा करने के निर्देश

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने मंगलवार को जिला अस्पतालों के अपग्रेडेशन और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) विभाग की ओर से कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

बैठकों के दौरान, राजपाल ने सभी कार्यकारी अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जिला अस्पतालों में मरम्मत और रखरखाव कार्यों को 15 सितंबर तक हर हाल में पूरा किया जाए। इन कार्यों में सिविल इंजीनियरिंग, विद्युत एवं उद्यान संबंधी सुधार शामिल हैं। राज्य सरकार ने इन विशेष मरम्मत कार्यों के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। राजपाल ने कहा आधुनिक, सुरक्षित और नवीनतम तकनीकों से सुसज्जित अस्पताल बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने से मरीज को मिलने वाली चिकित्सा सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और स्वास्थ्य कर्मियों के कार्य करने की परिस्थितियां भी बेहतर होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button