Uttarakhand

11.5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, स्थानीय आर्थिकी को मिली संजीवनी…

उत्तराखंड में इस वर्ष बाबा श्री केदारनाथ धाम की यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। धामी सरकार और जिला प्रशासन द्वारा किए गए सुनियोजित एवं सुरक्षित यात्रा प्रबंधन का असर अब धरातल पर साफ दिखने लगा है। इस सफल प्रबंधन ने न केवल देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों का भरोसा जीता है, बल्कि केदारघाटी के स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों, परिवहन संचालकों और स्वरोजगार से जुड़े हजारों युवाओं की आर्थिकी को एक नई और मजबूत उड़ान दी है।

8 जून तक 11.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने टेका मत्था
प्रशासन से मिले आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 8 जून 2026 तक कुल 11,58,395 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। खाड़ी देशों (Gulf Countries) में चल रहे वैश्विक तनाव के बीच यात्रा शुरू होने से पहले स्थानीय कारोबारियों में मंदी को लेकर कई तरह की आशंकाएं थीं। लेकिन, उत्तराखंड सरकार के प्रभावी प्रचार-प्रसार और जमीनी इंतजामों ने इन सभी चिंताओं को निराधार साबित कर दिया और रिकॉर्ड संख्या में लोग बाबा के दरबार पहुंचे।

केदारघाटी के व्यापारिक संगठनों ने जताया सरकार का आभार
यात्रा के इस सुव्यवस्थित संचालन और बंपर भीड़ से गदगद होकर केदारनाथ मार्ग के प्रमुख व्यापारिक संगठनों ने प्रशासन की पीठ थपथपाई है:

अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह नेगी ने कहा कि शुरूआती वैश्विक चिंताओं के बावजूद प्रशासन के बेहतरीन मैनेजमेंट के कारण इस बार व्यापारियों को व्यापक आर्थिक लाभ मिला है।महासचिव आशीष बिष्ट के अनुसार, इस वर्ष की सुदृढ़ सुरक्षा, साफ-सफाई और सुगम यातायात व्यवस्था के कारण यात्रा ने सफलता के नए आयाम छुए हैं, जिसका सीधा फायदा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को हुआ है। अध्यक्ष राम चन्द्र गोस्वामी ने खुशी जताते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की भारी संख्या का सबसे बड़ा लाभ स्थानीय युवाओं को रोजगार के रूप में मिला है। होटल, ढाबे, घोड़ा-खच्चर संचालक और स्थानीय दुकानदारों की आय में इस सीजन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

यात्रियों को मिला सुगम अनुभव, होटलों में रही भारी डिमांड
स्थानीय होटल संचालक ऋषभ नौटियाल ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष फोकस किए जाने से यात्रियों का फीडबैक बेहद सकारात्मक रहा है। होटलों में अच्छी बुकिंग रहने से इस बार पूरा होटल व्यवसाय बेहद मुनाफे में है।

टीम वर्क से मिली धार्मिक पर्यटन को नई दिशा
श्री केदारनाथ धाम यात्रा की यह ऐतिहासिक सफलता शासन-प्रशासन, विभिन्न लाइन डिपार्टमेंट्स, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों और आम जनता के बीच बेहतरीन समन्वय (Coordination) का नतीजा है। बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, लगातार होती मॉनिटरिंग और ट्रैफिक कंट्रोल ने इस दुर्गम यात्रा को अब श्रद्धालुओं के लिए कहीं अधिक सुरक्षित और सुगम बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button