
मसूरी में आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में मसूरी विधायक और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गांधी चौक पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में अधूरे पड़े विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराना और पर्यटन व्यवस्था को बेहतर बनाना था।
पर्यटन सीजन से पहले अधूरे काम पूरे करने के निर्देश
बैठक के दौरान मंत्री ने साफ कहा कि पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। खासतौर पर केम्पटी-लाइब्रेरी मार्ग को लेकर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वहां एकमार्गीय (वन-वे) यातायात व्यवस्था लागू की जाए और सड़क को पूरी तरह चालू किया जाए। इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को भी जरूरी निर्देश दिए गए।
हरक सिंह रावत पर कसा तंज
बैठक के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हरक सिंह रावत अक्सर दल बदलते रहते हैं और सुर्खियों में बने रहने के लिए बयानबाजी करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वे मसूरी से चुनाव लड़ते हैं, तो जनता उन्हें करारा जवाब देगी।
पानी की समस्या पर सख्ती
मसूरी में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या को लेकर मंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में पानी की सप्लाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और सभी कनेक्शनों की जांच कर जल्द सुधार किया जाए, ताकि नागरिकों और पर्यटकों को परेशानी न हो।
सफाई और ट्रैफिक सुधार पर फोकस
मंत्री ने कहा कि मसूरी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसके अलावा, मसूरी-देहरादून मार्ग पर स्थित वाली ब्रिज पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए नए पुल के निर्माण की योजना भी तैयार की जा रही है।


