
रुद्रपुर : मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रुद्रपुर के एक स्थानीय होटल सभागार में न्यूज़ 18 समूह द्वारा आयोजित ‘राइजिंग सिटी’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस बेहद खास मंच से मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के चौमुखी विकास, उद्योगों के विस्तार, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, युवाओं के लिए रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं, कानून व्यवस्था और सुशासन को लेकर अपनी सरकार का एक बड़ा और दूरदर्शी विजन जनता के सामने रखा।
ऊधम सिंह नगर को बताया विकास का ‘ग्रोध इंजन’
भावुक और आत्मीय अंदाज में बात करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऊधम सिंह नगर उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने वाला मुख्य ‘ग्रोथ इंजन’ है और इस जिले से उनका एक बेहद खास और गहरा जुड़ाव है। उन्होंने गर्व से कहा कि रुद्रपुर आज सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि प्रदेश की औद्योगिक राजधानी के रूप में अपनी धाक जमा चुका है और राज्य की तरक्की में इसका बहुत बड़ा योगदान है। सरकार यहां की जरूरतों को समझते हुए लगातार ऐसी योजनाएं ला रही है जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और उद्यमियों को निवेश के नए मौके मिलें।
सड़क, स्वास्थ्य और एयर कनेक्टिविटी की ‘त्रिवेणी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में उत्तराखंड के भीतर कनेक्टिविटी का एक नया दौर शुरू हुआ है:
सड़कों का जाल: ऑल वेदर रोड और नए एक्सप्रेस-वे की बदौलत अब पहाड़ों और मैदानों का सफर पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित और आसान हो गया है। इससे पर्यटन और व्यापार को नए पंख मिले हैं।
स्वास्थ्य में बड़ी क्रांति: किच्छा में बन रहा दूसरा एम्स (AIIMS) पूरे कुमाऊं मंडल और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के मरीजों के लिए वरदान साबित होने जा रहा है। इसके साथ ही, रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का काम भी आखिरी चरण में है, जिसे जल्द ही आम जनता की सेवा में समर्पित कर दिया जाएगा।
पंतनगर एयरपोर्ट का कायाकल्प: पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय (इंटरनेशनल) स्तर का बनाने के लिए सरकार दिन-रात काम कर रही है, जिससे दुनिया भर से निवेश और पर्यटन सीधे उत्तराखंड आ सकेगा।
सीमांत गांवों को बनाया ‘प्रथम गांव’ और ‘मिनी इंडिया’ को नमन
सीएम धामी ने कहा कि मेलाघाट, सिसैया और नारायण नगर जैसे सीमांत गांवों को अब तक जो पिछड़ा समझा जाता था, प्रधानमंत्री मोदी की “प्रथम गांव” की सोच के तहत अब वहां बुनियादी सुविधाएं सबसे पहले पहुंचाई जा रही हैं। ऊधम सिंह नगर की तारीफ करते हुए उन्होंने इसे “मिनी इंडिया” का नाम दिया, जहां देश के कोने-कोने से आए लोग पूरे प्यार और भाईचारे से रहते हैं। यही अनेकता में एकता इस जिले की असली ताकत है।
नकल माफिया और भू-माफिया पर ‘डिजिटल’ और ‘लीगल’ प्रहार
युवाओं और प्रदेश की सुरक्षा पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में अपनी नीतियां स्पष्ट कीं:
एंटी-नकल कानून: युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसके तहत 100 से अधिक नकल माफियाओं को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। अब परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ हो रही हैं।
अतिक्रमण पर बुलडोजर: भ्रष्टाचार और भू-माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकार ने अब तक 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराया है।
दंगा विरोधी कानून: कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए नया दंगा विरोधी कानून लागू किया गया है। अब अगर किसी ने भी सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, तो उसकी पाई-पाई की भरपाई दोषियों की जेब से ही की जाएगी।
“विकसित भारत का सपना तब तक अधूरा है, जब तक हमारे राज्य का हर एक कोना समान रूप से विकसित न हो जाए। हमारी सरकार इसी संकल्प के साथ आखिरी मील पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचा रही है।” — पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री



