National

संसद में ईरान जंग पर हंगामा, विपक्ष ने मांगी चर्चा; सरकार बोली स्पीकर हटाने के प्रस्ताव पर भी बहस को तैयार…..

संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले ही दिन लोकसभा और राज्यसभा में जोरदार हंगामा देखने को मिला। मुद्दा था अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष और उससे पश्चिम एशिया में बने हालात। विपक्ष इस पर संसद में विस्तृत चर्चा की मांग कर रहा था।

राज्यसभा में विपक्षी दलों ने सरकार से साफ जवाब मांगते हुए सदन में विरोध जताया और बाद में वॉकआउट भी कर दिया। वहीं विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि मौजूदा हालात बेहद संवेदनशील हैं और भारत शांति और बातचीत के रास्ते का समर्थन करता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस समय ईरान की शीर्ष नेतृत्व से संपर्क करना आसान नहीं है।

लोकसभा में भी स्थिति कुछ अलग नहीं रही। जैसे ही विदेश मंत्री बोलने के लिए खड़े हुए, विपक्षी सांसदों ने ‘वी वॉन्ट डिस्कशन’ के नारे लगाने शुरू कर दिए, जिसके चलते उन्हें अपनी बात पूरी तरह रखने में मुश्किल हुई।

इसी बीच लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को हटाने की मांग को लेकर दिए गए विपक्ष के प्रस्ताव पर भी सदन में शोर-शराबा हुआ। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष चाहे तो तुरंत बहस शुरू की जा सकती है।

विदेश मंत्री जयशंकर ने दोनों सदनों को जानकारी देते हुए बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष भारत के लिए भी चिंता का विषय है। खाड़ी देशों में करीब एक करोड़ भारतीय काम करते हैं और हजारों भारतीय ईरान में पढ़ाई या नौकरी कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 8 मार्च तक लगभग 67 हजार भारतीय अंतरराष्ट्रीय सीमाएं पार कर सुरक्षित स्थानों की ओर जा चुके हैं। सरकार लगातार स्थिति पर नजर रख रही है और जरूरत पड़ने पर नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

जयशंकर ने यह भी कहा कि इस संघर्ष का असर ऊर्जा आपूर्ति पर भी पड़ सकता है, क्योंकि भारत के लिए तेल और गैस के कई बड़े सप्लायर इसी क्षेत्र में हैं। इसके अलावा क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति लगातार बिगड़ रही है और कई जगहों पर भारी तबाही की खबरें भी सामने आई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button